Blog

  • ऊष्मा धारिता (Thermal Capacity) क्या होती है ?

    ऊष्मा धारिता (Thermal Capacity)

    किसी वस्तु का तापमान 1°C बढ़ाने के लिए जितनी ऊष्मा की आवश्यकता होती है उसे उस वस्तु की ऊष्मा धारिता कहते हैं। परन्तु कौन-सी वस्तु कितनी गरम होगी यह बात वस्तु की प्रकृति और उसके द्रव्यमान पर निर्भर है। इसका मात्रक जूल प्रति केल्विन या कैलोरी प्रति C है। 

    विशिष्ट ऊष्मा धारिता

    आजकल विशिष्ट ऊष्मा को ‘विशिष्ट ऊष्मा धारिता’ लिखा जाता है, किसी पदार्थ की विशिष्ट ऊष्मा धारिता ऊष्मा की वह मात्रा है जो उस पदार्थ के एकांक द्रव्यमान में एकांक ताप-वृद्धि उत्पन्न करती है। इसे प्राय: C द्वारा व्यक्त किया जाता है। 

    उदाहरण

    1 ग्राम जल का ताप 1°C बढ़ाने के लिए 1 कैलोरी ऊष्मा की आवश्यकता होती है। अत: जल की विशिष्ट ऊष्मा धारिता 1 कैलोरी/ग्राम C होती है। जल की विशिष्ट ऊष्मा धारिता अन्य ठोस तथा द्रव पदार्थों की तुलना में सबसे अधिक है। 

    विशिष्ट ऊष्मा धारिता का SI मात्रक जूल किलोग्राम केल्विन होता है। ठोस और द्रवों में जल की विशिष्ट ऊष्मा सर्वाधिक है परन्तु सभी पदार्थों में हाइड्रोजन की विशिष्ट ऊष्मा सर्वाधिक है। 

    पानी की विशिष्ट ऊष्मा धारिता उच्च होने का लाभ यह है, कि अन्य पदार्थों की तुलना में पानी अधिक देर में गरम होता है और अधिक देर में ही ठण्डा होता है। यही कारण है, कि शरीर को सेंकने वाली बोतलों (Heating bottles) में गरम पानी भरा जाता है जिससे वह अधिक देर तक सेंक देता रहे।

    कमरों को गरम करने वाले पाइपों में भी गरम पानी ही भरा जाता है। समुद्र के पास के नगरों में न तो अधिक गर्मी पड़ती है और न ही अधिक सर्दी। इसका कारण भी जल की अधिक विशिष्ट ऊष्मा धारिता है।

    दिन में समुद्र का जल धूप में स्थल की मिट्टी की अपेक्षा बहुत देर में गरम होता है जिससे स्थल के ऊपर की वायु गरम होकर ऊपर उठ जाती है। उसका स्थान भरने के लिए दिन में समुद्र से स्थल की ओर ठण्डी हवा चलती है, इससे वहां का ताप बहुत अधिक नहीं बढ़ पाता है।

    रात को समद्र का जल स्थल की अपेक्षा अधिक देर से ठण्डा होता है, अतः रात को समुद्र, स्थल की अपेक्षा गरम होता है वहां की वायु गरम होकर ऊपर उठ जाती है। उसका स्थान ग्रहण करने के लिए स्थल से ठण्डी वायु समुद्र की ओर चलने लगती है।

    इस प्रकार स्थल का ताप दिन और रात में लगभग एकसमान बना रहता है, और ग्रीष्म तथा शीत ऋतु में भी इसी प्रकार की प्रक्रिया द्वारा एकसमान बना रहता है।

  • संसंजक बल और आसंजक बल क्या है ?

    What are Cohesive Force and Adhesive Force ?

    संसंजक बल (Cohesive Force)

    प्रत्येक पदार्थ अणुओं से मिलकर बना होता है जिनके बीच आकर्षण बल कार्य करता है। एक ही पदार्थ के अणुओं के मध्य लगने वाले आकर्षण बल को ‘संसंजक’ बल कहते हैं।

    उदाहरण

    जिन द्रवों के अणुओं के बीच संसंजक बल कम होता है, वे बर्तन की दीवार को गीला करते हैं एवं जिन द्रवों के अणुओं के बची संसंजक बल कम होता है वे बर्तन की दीवार को गीला नहीं करते हैं।

    पारा के अणुओं के बीच संसंजक बल अधिक होता है जिस कारण वे बर्तन की दीवार को गीला नहीं करते हैं। पृष्ठ तनाव का कारण संसंजक बलों का होना है।

    आसंजक बल (Adhesive Force)

    दो विभिन्न पदार्थों के अणुओं के मध्य लगने वाले आकर्षण बल को आसंजक बल कहते हैं।

    उदाहरण

    आसंजक बल के कारण ही पानी कांच को भिगोता है, ब्लैक बोर्ड पर चॉक से लिखने पर अक्षर उभर आते हैं, पीतल के बर्तनों पर निकल की पॉलिश की जाती है।

    जब किसी द्रव-ठोस युग्म के लिए आसंजक बल का मान, द्रव के अणुओं के संसंजन बल के मान से अधिक होता है, तो वह ठोस को गीला कर देता है।

    उदाहरण: 

    1. पानी कांच पर चिपकता है क्योंकि पानी और कांच के अणुओं के मध्य लगने वाला आसंजक बल पानी के अणुओं के मध्य लगने वाले संसंजक बल से अधिक होता है।

    2. पानी में अंगुली डालने पर पानी अंगुली से चिपक जाता है, क्योंकि पानी और अंगुली के मध्य आसंजक बल पानी के अणओं के मध्य ससंजक बल से अधिक होता है। 

    जब किसी द्रव-ठोस युग्म के लिए आसंजक बल का मान द्रव के अणुओं के संसंजक बल के मान से कम होता है तो द्रव उस ठोस को गीला नहीं कर पाता है।

    उदाहरण: 

    1. पारा कांच पर नहीं चिपकता, क्योंकि पारा और कांच के अणुओं के मध्य लगने वाला आसंजक बल पारे के अणुओं के मध्य लगने वाले संसजक बल से कम होता है। 

    2. पानी के स्वतन्त्र पृष्ठ पर तेल की कुछ बूंदें डालने पर तेल पतली फिल्म के रूप में पानी के पृष्ठ पर फैल जाता है, क्योंकि पानी और तेल के अणुओं के बीच लगने वाला आसंजक बल, तेल के अणुओं के मध्य लगने वाले संसंजक बल से अधिक होता है।

     

  • ध्वनि का तारत्व क्या होता है ?

    तारत्व

    तारत्व का सम्बन्ध आवृत्ति से होता है। जैसे-जैसे ध्वनि की आवृत्ति बढ़ती जाती है, वैसे-वैसे ध्वनि का तारत्व बढ़ता जाता है तथा ध्वनि तीक्षण अथवा पतली होती जाती है।

    चिड़िया की आवाज, सोनोमीटर के तने हुए पतले तार से निकलने वाली ध्वनि, मच्छरों की भनभनाहट, अधिक तारत्व की ध्वनियों के उदाहरण हैं।

    ध्वनि की आवृत्ति कम होने पर उसका तारत्व कम होता है तथा ध्वनि मोटी तथा सपाक (Flat) प्रतीत होती है। सितार के मोटे तथा कम तने हुए तार से उत्पन्न ध्वनि कम तारत्व की होती है। 

    उदाहरण

    बच्चों और स्त्रियों की आवाज पतली होती है, अत: उसका तारत्व अधिक होता है, पुरुषों की आवाज भारी होती है, अत: उसका तारत्व कम होता है।

    ध्वनि के तारत्व का ध्वनि की प्रबलता से कोई सम्बन्ध नहीं होता है। अधिक प्रबल ध्वनि का तारत्व कम (जैसे शेर की दहाड़) अथवा अधिक (जैसे रेलगाड़ी की सीटी), कुछ भी हो सकता है।

    इसी प्रकार, कम प्रबल ध्वनि का तारत्व कम (जैसे—पत्तियों की खड़खड़ाहट) अथवा अधिक (जैसे मच्छर की भनभनाहट), कुछ भी हो सकता है।

  • ध्वनि प्रबलता क्या होती है ?

    ध्वनि के लक्षण

    प्रबलता ध्वनि का वह लक्षण है जिससे ध्वनि कान को मन्द (धीमी) अथवा तीव्र (प्रबल) प्रतीत होती है। सांस लेने से उत्पन्न ध्वनि अत्यधिक मन्द, किताब का कागज पलटने पर उत्पन्न ध्वनि मन्द, आपस में बातचीत की ध्वनि मन्द, कार के हॉर्न की ध्वनि प्रबल तथा बादलों की गड़गड़ाहट अति प्रबल प्रतीत होती है।

    लेकिन ध्वनि जो साधारण मनुष्य को प्रबल प्रतीत होती है, बहरे मनुष्य को मन्द प्रतीत होती है। अतः हम कह सकते हैं, कि वास्तव में, ध्वनि की प्रबलता दो कारकों पर निर्भर करती है

    • (1) ध्वनि की तीव्रता पर, तथा
    • (2) श्रोता के कान की संवेदना पर

    ध्वनि की तीव्रता बढ़ने पर ध्वनि की प्रबलता भी बढ़ती है। ध्वनि की तीव्रता एक भौतिक राशि है जिसे शुद्धता से मापा जा सकता है। माध्यम के किसी बिन्दु पर ध्वनि की तीव्रता, उस बिन्दु पर एकांक क्षेत्रफल से प्रति सेकण्ड तल के लम्बवत् गुजरने वाली ध्वनि ऊर्जा के बराबर होती है।

    इसका SI मात्रक माइक्रोवाट/मीटर (=10-6 जूल/सेकण्ड मीटर) तथा प्रयोगात्मक मात्रक बेल B (Bell) है। इसके दसवें भाग को ‘डेसीबल’ (dB कहते हैं)। 0 तारत्व या पिच: तारत्व, ध्वनि का वह लक्षण है जिससे ध्वनि को मोटा (Grave) या तीक्ष्ण (Shrill) कहा जाता है। 

  • वाष्पीकरण (Vapourisation) क्या है ?

    What is Vapourisation ?

    परिभाषा

    जब किसी द्रव को खुले पात्र में रखा जाता है तो उसकी खुली सतह से द्रव के अणु धीरे-धीरे वाष्पीकृत होकर वायु में मिल जाते हैं। इस क्रिया को ‘वाष्पीकरण‘ या ‘वाष्पन‘ कहते हैं l

    अर्थात पदार्थ प्रत्येक ताप पर अपनी द्रव अवस्था से वाष्प अवस्था में परिवर्तित होता रहता है । द्रव अवस्था से वाष्प में परिवर्तित होने की इस प्रकिया को ‘वाष्पीकरण’ कहते हैं।

    ऊष्मा’ या ‘वाष्पन ऊष्मा

    किसी द्रव को स्थिर ताप पर वाष्पीकृत होने के लिए जितनी ऊष्मा की आवश्यकता होती है उसे वाष्पीकरण की ‘ऊष्मा’ या ‘वाष्पन ऊष्मा’ कहते हैं।

    वाष्पीकरण दो प्रकार के होते हैं: वाष्पीकरण (Vaporization) और उबलना (Boiling) वाष्पीकरण एक सतह की घटना (surface phenomenon) है, जबकि उबालना एक विस्तृत घटना (bulk phenomenon) है।

    वाष्पीकरण द्रव के सतह से प्रारम्भ होता है। वाष्पीकरण में द्रव के अणु जिनकी ऊर्जा सामान्य से अधिक होती है द्रव की सतह छोड़कर चले जाते हैं, जिससे द्रव का ताप गिर जाता है।

    द्रव का वाष्पीकरण वायुमण्डल में उपस्थित वाष्प की मात्रा, द्रव सतह के क्षेत्रफल तथा द्रव के ताप पर निर्भर करता है। यदि वायुमण्डल में वाष्प की मात्रा अधिक होती है तो वाष्पीकरण घट जाता है तथा यदि वाष्प की मात्रा कम होती है तो वाष्पीकरण बढ़ जाता है।

    वाष्पीकरण की दर वायुमंडल की आर्द्रता के व्युत्क्रमानुपाती, वायुमंडल के ताप के समानुपाती तथा द्रव के तल के क्षेत्रफल के अनुक्रमानुपाती के रूप में बढ़ती है।

    उदाहरण

    गर्मी के दिनों में वायुमण्डल में जलवाष्प की मात्रा अत्यन्त कम हो जाने के कारण जल का वाष्पीकरण अधिक होता है, जिससे जल का ताप गिर जाता है, जबकि बरसात के दिनों में वायुमण्डल में जल वाष्प की मात्रा अधिक होने के कारण वाष्पीकरण कम होता है । यही कारण है कि गीले कपड़े गर्मियों में जल्दी व बरसात में देर से सूखते हैं।

    बुखार(fever) होने के समय जब रोगी के शरीर का ताप बढ़ जाता है तो उसके माथे पर गीला कपड़ा रख देते हैं तथा शरीर को गीले कपड़े से पोछते हैं। इस प्रकिया में जल शरीर से ऊष्मा लेकर वाष्पीकृत होता है, जिससे शरीर का तापमान कम हो जाता है।

  • विसरण (Diffusion) क्या है ?

    What is Diffusion ?

    यह वह प्रक्रिया है जिसके द्वारा विभिन्न पदार्थ एक-दूसरे में मिश्रित (Mixed) हो जाते हैं।

    अर्थात दो से अधिक पदार्थों का स्वतः एक दूसरे से मिलकर समांग मिश्रण बनाने की क्रिया को विसरण (डिफ्यूजन) कहते हैं। 

    यह क्रिया पदार्थों के परमाणु, अणु या आयनों की अनियमित गति (Random motion) के कारण होती है। गैसों में यह क्रिया अपेक्षाकृत शीघ्रता से होती है, और मिश्रण अधिकांश समांग (Homogeneous) होता है, यद्यपि गुरुत्व के कुछ प्रभाव के कारण भारी गैसों का अनुपात तली में अधिक होता है। विलायक में ठोस विलेय का मिल जाना भी एक विसरण क्रिया ही है, यद्यपि यह एक मन्द प्रक्रिया है।

    विसरण एक अपरिवर्तनीय क्रिया है, जिसमें पदार्थों के स्वाभाविक बहाव से सांद्रण का अंतर कम होता रहता है। यह क्रिया सभी पदार्थों में होती है।

    गैसें शीघ्रता से विसरण करती हैं। 

    गुरुत्वाकर्षण से विसरण में कोई रुकावट नहीं पड़ती और न उत्प्वलाकता का ही उसपर कोई प्रभाव पड़ता है।

    उदाहरण

    क्लोरीन गैस के जार पर यदि एक हवा भरा जार रख दिया जाए, तो क्लोरीन गैस के भारी होने पर भी उसके अणु विसरण द्वारा ऊपर उठकर दोनों जारों में मिल जाते हैं और कुछ समय में वे एक से संगठन के हो जाते हैं। 

    यदि सोने के एक टुकड़े को सीसा के टुकड़े के संपर्क में रखा जाए, तो कुछ दिनों के बाद सीसा में सोना और सोने में सीसा की उपस्थिति मालूम की जा सकती है। 

  • वायुमण्डल की परतें (Layers of Atmosphere) क्या है ?

    What are Layers of Atmosphere ?

    वायुमण्डल

    पृथ्वी के चारों ओर सैकड़ो किमी की मोटाई में लपेटने वाले गैसीय आवरण को वायुमण्डल कहते हैं। वायुमण्डल विभिन्न गैसों का मिश्रण है जो पृथ्वी को चारो ओर से घेरे हुए है।

    वायुमंडल पृथ्वी पर जीवित जीवन के लिए जिम्मेदार कई गैसों का मिश्रण हैl इसमें भारी मात्रा में ठोस और द्रव के कण होते हैं, जिन्हें सामूहिक रूप से एरोसोल के रूप में जाना जाता है। शुद्ध शुष्क हवा में मुख्य रूप से नाइट्रोजन, ऑक्सीजन, आर्गन, कार्बन डाइऑक्साइड, हाइड्रोजन, हीलियम और ओजोन होते हैं। इसके अलावा, जल वाष्प, धूल के कण, धुआं, लवण आदि भी वायुमंडल में मौजूद होते हैं।

    वायुमंडल के अतिरिक्त पृथ्वी का स्थलमंडल ठोस पदार्थों से बना और जलमंडल जल से बना हैं।

    वायुमण्डल की परतें

    वायुमण्डल के संघटन एवं गुणों के अनुसार उसे निम्नलिखित क्षेत्रों में विभाजित किया गया है जिन्हें ‘वायुमण्डल की परतें’ कहते हैं:

    क्षोभमण्डल (Troposphere)

    यह सबसे पहला भाग है, जिसमें मौसम सम्बन्धी सभी परिवर्तन होते हैं। इसकी मोटाई ध्रुवों पर 8 किमी. तथा भूमध्यरेखा पर 18 किमी. होती है। इस भाग में वायुमण्डल का ताप ऊंचाई बढ़ने के साथ घटता है।

    समतापमण्डल (Stratosphere)

    क्षोभमण्डल के बाद यह भाग आता है, जो 50 किमी. की ऊंचाई तक फैला होता है। इस भाग में वायुमण्डलीय ताप लगभग एकसमान (Constant) रहता है। इसीलिए इसे ‘समताप मण्डल’ कहते हैं। इसी भाग में ओजोन परत पाई जाती है। ओजोन परत 20 किमी. से 50 किमी. की ऊंचाई के मध्य होती है। इसकी सर्वाधिक मोटाई लगभग 25-30 किमी. पर होती है ।

    आयनमण्डल (lonosphere)

    यह भाग 50 किमी. से लगभग 1,000 किमी. तक फैला हुआ है। इसमें अधिकांश आयनित गैसें होती है। इसमें ताप ऊंचाई के साथ बढ़ता है।

    आयनमण्डल को भी तीन परतों में बांटा गया है:

    • D-परत (D-layer): (50-90 किमी.), इसमें इलेक्ट्रॉन-घनत्व कम होता है और यह केवल निम्न आवृत्ति की रेडियो तरंगों को परावर्तित करता है।
    • E-परत (E-layer): यह 90-150 किमी. तक का भाग है। इसे ‘हैवीसाइड केनेली’ (Heaviside Kennelly) परत भी कहते हैं। यह परत मीडियम आवृत्ति को रेडियों तरंगों को परिवर्तित करती है l
    • F-परत (F-layer): यह 150 से 1,000 किमी. तक फैली हुई है। इसे ‘ऐप्लिटन परत‘ (Appleton layer) भी कहते हैं। इसमें इलेक्ट्रॉन घनत्व सबसे अधिक होता है। यह परत रेडियो प्रसारण के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण है।

    बहि:मण्डल (Exosphere)

    लगभग 400 किमी. की ऊंचाई से आगे वाले भाग को ‘बहि:मण्डल‘  कहते हैं।

    कुछ नियम

    • यदि वायुदाबमापी में पारा अचानक चढ़ जाए तो समझना चाहिए कि मौसम स्वच्छ रहेगा।
    • यदि वायुदाबमापी का पारा अचानक गिर जाए (अर्थात् वायुदाब कम हो जाए) तो समझना चाहिए कि तेज आधी/तूफान/वर्षा आने की सम्भावना रहती है, क्योंकि जब आंधी या वर्षा आने वाली होती है, तो वायुमण्डल का दाब तुरन्त घट जाता है।
    • वे रेडियों तरंगें, जिनकी तरंग दैर्ध्य 8 मिमी, से 20 मी. तक होती है, टेलीविजन प्रसारण में काम आती है। ये तरंगें आयनमण्डल से परावर्तित नहीं होती है। ये अन्तरिक्ष में चली जाती हैं। अतः इन्हें परावर्तित करने के लिए कृत्रिम उपग्रहों की आवश्यकता होती है।
  • द्रव दाब क्या है

    What is Pressure of the Fluids ?

    द्रव के अन्‍दर किसी बिन्‍दु पर प्रति इकाई क्षेत्रफल पर लगने वाले बल को द्रव का दाब ,द्रबदाब कहते है।किसी बिन्‍दु पर द्रव का दाब भी वायुमण्‍डलीय दाब की तरह सभी दिशाओ में समान रूप से लगता है।

    द्रव दाब का मान द्रव के घनत्‍व ,सतह से गहराई तथा गुरूत्‍वीय त्‍वरण पर निर्भर करता है l

    P=ρgh
    P= द्रव दाब

    ρ= द्रव का घनत्व

    g=गुरूत्‍वीय त्‍वरण

    h=द्रव की सतह से बस्‍तु की गहराई

    दाब और गोताखोरी

    प्रत्येक 10.3 मीटर की गोताखोरी के बाद गोताखोर पर 1 atm (1 atm = 1 atmosphere = 101325 पास्कल) का दाब बढ़ता जाता है। एक्वालंग डाइविंग सूट पहनकर कोई गोताखोर 60 मीटर की गहराई तक गोताखोरी कर सकता है जहां कुल दाब 7 atm होता है। 45 मीटर की गहराई पर वे 15 मिनट तक कार्य कर सकते हैं। इतनी गहराइयों पर अधिक समय तक रहना खतरनाक होता है क्योंकि अधिक दाब के कारण नाइट्रोजन की अधिक मात्रा रक्त में मिलती है और पानी से बाहर आने पर नाइट्रोजन गैस रक्त में बुलबुले ठीक उसी प्रकार बना देती है जिस प्रकार सोडा की बोतल खोलने पर बुलबुले बनते हैं। इस स्थिति में काफी पीड़ा होती है और गोताखोर की मृत्यु भी हो सकती है। यदि गोताखोर 8% ऑक्सीजन और 9.2% हीलियम गैस के मिश्रण का उपयोग करे तो इस स्थिति से कुछ सीमा तक बचा जा सकता है।

    द्रव-दाब के अन्य उपयोग

    जब आप किसी पेय को पीने के लिए नली का प्रयोग करते हैं तो फेफड़े से जो हवा का खिंचाव होता है उसके कारण नली में से हवा फेफड़े में पहुंच जाती है। अब द्रव (पेय) की सतह पर जो दाब होता है वह नली के दाब से अधिक हो जाता है जिस कारण द्रव का प्रवाह आपके मुंह तक नली से हो जाता है। वायु शोषकों का प्रयोग कई रूप में किया जाता है।

    जब किसी साइकिल पम्प के पिस्टन को दबाया जाता है, तो पिस्टन और ट्यूब के बीच की हवा दाब के कारण ट्यूब के अन्दर चली जाती है और जब साइकिल पम्प को हटा लिया जाता है, तो टायर वाल्व बन्द हो जाता है जिसके कारण अन्दर की हवा बाहर नहीं आ पाती है।

  • प्रतिध्वनि या अनुरणन (Reverberation) क्या होता है ?

    प्रतिध्वनि या अनुरणन (Reverberation)

    जब किसी बन्द हॉल में एक अल्प समय के लिए ध्वनि उत्पन्न की जाती है, तो हॉल की दीवारों तथा छत से क्रमिक परावर्तनों के फलस्वरूप स्रोत के कम्पन बन्द हो जाने पर भी हॉल में कुछ समय तक ध्वनि बनी रहती है, इसे ‘अनुरणन’ कहते हैं।

    अनुरणन काल

    जितने समय तक ध्वनि हॉल में बनी रहती है, उसे ‘अनुरणन काल’ (Reverberation time) कहते हैं। अच्छी ध्वनिकी (Acoustics) के लिए अनुरण काल का मान अनुकूलम (Optimum) होना चाहिए। (T= 0.053 V/A)|

    अत: दीवारों पर अवशोषक पदार्थ का क्षेत्रफल बढ़ाकर या घटाकर अनुरणन काल को समंजित किया जा सकता है। यदि अनुरणन काल T का मान बहुत अधिक है, तो अनुरणन के कारण उत्तरोत्तर ध्वनियों में अतिव्यापन (Overlapping) होने से मूल ध्वनि साफ सुनायी नहीं देगी। इसके विपरीत, यदि अनुरणन काल T बहुत कम है, तो परावर्तन समाप्त होने से ध्वनि की प्रबलता एकसमान नहीं रहेगी। 

    उदाहरण

    बादलों की गर्जन, भी अनुरणन का एक उदाहरण है क्योंकि यह दो बादलों के बीच ध्वनि के लगातार परावर्तन से उत्पन्न होती है। 

    अनुरणन को कैसे रोका जा सकता है ?

    व्याख्यान हॉल या सिनेमा हॉल में आवश्यक अनुरणन को रोकने के लिए हॉल की दीवारें खुरदरी (Rough) बनाई जाती है अथवा उन्हें मोटे सरंध्र (Porous) परदों से ढक दिया जाता है। इससे ध्वनि, अवशोषित हो जाती है। फर्श पर भी इसी उद्देश्य से कालीन बिछाई जाती है।

  • ध्वनि का परावर्तन क्या होता है ?

    ध्वनि का परावर्तन (Reflection of Sound)

    ध्वनि का परावर्तन (Reflection of Sound) भी होता है। यह ठीक उसी प्रकार होता है जैसे प्रकाश का परावर्तन होता है। ध्वनि की तरंग-दैर्ध्य अधिक होती है, इसलिए इसका परावर्तन बड़े आकार के पृष्ठों से अधिक होता है, जैसे—पर्वत, समुद्रतल, नदी, घाटी, पृथ्वीतल, आदि से परावर्तन। 

    प्रतिध्वनि (Echo)

    जो ध्वनि किसी दृढ़ दीवार या पहाड़, आदि से टकराने (अर्थात् परावर्तित होने) के बाद सुनाई देती है, उसे उस ध्वनि की ‘प्रतिध्वनि’ कहते हैं। यदि श्रोता परावर्तक तल के बहुत निकट खड़ा है, तो उसे प्रतिध्वनि नहीं सुनाई देगी।

    इसी प्रकार जब हम एक खाली कमरे में खड़े हैं, तो भी हमें प्रतिध्वनि नहीं सुनाई देती क्योंकि मूल ध्वनि तथा प्रतिध्वनि की आवाज एक साथ ही आती है।

    इसका कारण यह है, कि जब हमारा कान कोई ध्वनि सुनता है, तो उसका प्रभाव हमारे मस्तिष्क में 0.1 सेकण्ड तक रहता है, अत: यदि इस अवधि में कोई अन्य ध्वनि भी आएगी तो वह पहली के साथ मिल जाएगी।

    अतः स्पष्ट प्रतिध्वनि सुनने के लिए आवश्यक है, कि परावर्तक तल श्रोता से कम-से-कम इनती दूर अवश्य हो कि परावर्तित ध्वनि को उस तक पहुंचने में 0.1 सेकण्ड से अधिक समय लेगें। ध्वनि द्वारा वायु में 0.1 सेकण्ड में चली गई दूरी =1×332 = 33.2 मीटर 

    अत: यदि हम कोई ध्वनि उत्पन्न करते हैं, तो उसकी स्पष्ट प्रतिध्वनि सुनने के लिए परावर्तक तल की दूरी 33.2 की कम-से-कम मीटर = 16.6 (लगभग 17 मीटर) होनी चाहिए। 

    प्रतिध्वनि के प्रयोग

    प्रतिध्वनि द्वारा हम समुद्र की गहराई, वायुयान की ऊंचाई, सुदूर स्थित पहाड़ की दूरी, आदि माप सकते हैं। महासागर या समुद्र की गहराई मापने के लिए ध्वनि तरंग छोड़ी जाती है जो महासागर के तल से टकराकर लौट आती है। प्रतिध्वनि के लौटने में जो समय लगता है, उसके आधार पर गहराई निर्धारत कर ली जाती है।