भस्म (क्षारक) (Bases) क्या है ?

What is Bases ?

भस्म धातुओं या धातुओं के सदृश आचारण करने वाले मूलकों के वे यौगिक हैं जो अम्लों से अभिक्रिया करके लवण एवं जल बनाते हैं।

भस्म के गुण

1. क्षार स्वाद में तीखा या कड़वा होता है।

2. क्षार छूने में साबुन जैसा चिकना लगता है।

3. प्रबल क्षार विद्युत का सुचालक होता है।

4. अम्ल से प्रतिक्रिया करके लवण तथा जल देता है।

5. क्षार लाल लिटमस को नीला तथा मिथाइल ऑरन्ज को पीला कर देता है।

6. क्षार में तेल और गंधक को घुला लेने की क्षमता होती है।

7. क्षार कार्बनिक पदार्थों को नष्ट कर देते हैं।

8. क्षार फिनॉल्पथैलीन को गुलाबी कर देता है।

9. लवण के घोल में डाले जाने पर क्षार प्रायः धातु के हाइड्रॉक्साइड को अवक्षेपित कर देते हैं।

भस्म या क्षारक दो प्रकार के होते हैं

1. जल में विलेय भस्म और 2. जल में अविलेय भस्म

क्षार (Alkali)

वैसे भस्म जो जल में विलेय होते हैं, क्षार (Alkali) कहलाते हैं, जैसे सोडियम हाइड्रॉक्साइड (NaOH), पोटैशियम हाइड्रॉक्साइड (KOH), कैल्सियम हाइड्रॉक्साइड [Ca(OH)2], अमोनियम हाइड्रॉक्साइड (NH4OH) आदि।

नोट: सभी क्षार भस्म (क्षारक) होते हैं, लेकिन सभी भस्म क्षार नहीं होते। इसका कारण यह है कि सभी भस्म जल में विलेय नहीं होते हैं।

जल में अविलेय क्षारक (Water Insoluble Bases)

जल में अविलेय क्षारक अम्ल के साथ अभिक्रिया करके लवण और जल तो बनाते हैं, परन्तु क्षार के अन्य गुण प्रदर्शित नहीं करते हैं, जैसे—जिंक ऑक्साइड, फेरस ऑक्साइड, फेरिक ऑक्साइड, ऐलुमिनियम ऑक्साइड, कॉपर हाइड्रॉक्साइड तथा फेरस हाइड्रॉक्साइड, आदि।

भस्मों व क्षारों के उपयोग

1. कैल्सियम हाइड्रॉक्साइड: घरों में चूना पोतने में, गारा एवं प्लास्टर बनाने में, ब्लीचिंग पाऊडर (विरंजक चूर्ण) बनाने में, जल को मृदु बनाने में, अम्ल के जलन पर मरहम पट्टी करने में, चमड़े के ऊपर के बाल साफ करने में, मिट्टी की अम्लीयता दूर करने में, आदि।

2. कास्टिक सोडाः साबुन बनाने में, पेट्रोलियम के शुद्धीकरण में, कपड़ा एवं कागज बनाने में, दवा निर्माण में, घरों एवं कारखानों को साफ करने में, आदि।

3. पोटैशियम हाइड्रॉक्साइडः प्रयोगशाला में प्रतिकर्मक के रूप में, मुलायम साबुन के निर्माण में, CO2, तथा SO2, जैसे गैसों के अवशोषक के रूप में, आदि।

4. कैल्सियम ऑक्साइड: मकान बनाने में, गारे के रूप में, कास्टिक सोडा के निर्माण में, सोडियम कार्बोनेट के निर्माण में, ब्लीचिंग पाउडर के निर्माण में, आदि।

5. मैग्नीशियम हाइड्रॉक्साइडः पेट की अम्लीयता को दूर करने में, अम्ल विषाक्तीकरण (Poisoning) के एण्टीडोट (Antidote) के रूप में, चीनी उद्योग में मोलासिस से चीनी तैयार करने में, आदि।

6. मैग्नीशियम ऑक्साइडः औषधि निर्माण में, रबड़ पूरक के रूप में, बायलरों के प्रयोग में, आदि।

नोटः भस्म या क्षार का pH मान 7 से अधिक होता है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *